झांसी l झांसी में शुक्रवार को एक युवक ने तमंचा से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वह करीब 3 साल से कैंसर से पीड़ित था। दर्द से परेशान होकर आज खेत पर पहुंचा और तमंचा से कनपटी पर गोली चला दी। गोली आर-पार होने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के पाली गांव का है।

मृतक का नाम सोबरन सिंह यादव (45) पुत्र नाथूराम यादव था। वह बड़ागांव के पाली गांव के रहने वाले थे।
मृतक के भतीजे बंटी यादव ने बताया कि मेरे चाचा सोबरन खेती किसानी करते थे। 2021 में उनको मुंह का कैंसर हो गया था। झांसी, लखनऊ और मुंबई में इलाज कराया। दो बार मुंह का ऑपरेशन हुआ, मगर आराम नहीं मिला। दर्द से चाचा बहुत परेशान थे। आज वो घर से घूमने के बहाने निकले। करीब 200 मीटर खेत पर पेड़ के नीचे पहुंचे। वहां जमीन पर लेटकर तमंचा से कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वही घटना की सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
