राजधानी में बुधवार की रात मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। महादेव घाट क्षेत्र में बर्थडे पार्टी से लौट रही वालीबॉल खिलाड़ियों की कुछ युवतियों पर दरिंदों ने हमला कर न केवल छेड़छाड़ की, बल्कि विरोध करने पर उन्हें बेरहमी से पीटा।

एक युवती की उंगली धारदार हथियार से काट दी गई। यह कोई सामान्य वारदात नहीं, बल्कि समाज के उस अंधेरे हिस्से की बानगी है, जहां बेटियों की आजादी अब भी खतरे में है।
पीड़ित युवतियां बिलासपुर और कोरबा से रायपुर आई थीं, जहां एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वे रात करीब साढ़े 10 बजे वापस लौट रही थीं। महादेव घाट के नजदीक कुछ अजनबी युवकों ने पहले उनका पीछा किया और फिर उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया। अभद्रता की शुरुआत होते ही लड़कियों ने विरोध किया, लेकिन यही विरोध उन पर कहर बनकर टूटा।
