देश में इस समय अलग-अलग हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अभी तक हुई बारिश का आंकड़ा जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, भारत में इस वर्ष 1 जून से मॉनसून की शुरुआत के बाद अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन बारिश का वितरण राज्यों में असमान रहा है।

आईएमडी के अनुसार, अब तक 447.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 418.9 मिमी है। हालांकि क्षेत्रीय स्तर पर बारिश के आंकड़ों में काफी भिन्नता देखी गई है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान, लद्दाख, नागालैंड, मणिपुर और सिक्किम में “सामान्य से बहुत अधिक” वर्षा दर्ज की गई है। जिसे “लार्ज एक्सेस रेनफॉल” की श्रेणी में रखा गया है।
बारिश के राज्यवार आंकड़े
राजस्थान में अब तक 384.7 मिमी वर्षा हुई है, जबकि वहां की सामान्य वर्षा 200.4 मिमी होती है। जो 92 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह लद्दाख में जहां आमतौर पर कम बारिश होती है। वहां 10.7 मिमी के मुकाबले 30 मिमी बारिश हुई। जो सामान्य से 181 प्रतिशत अधिक है। नागालैंड और मणिपुर में क्रमशः 514.5 मिमी और 457.9 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य के करीब है। जबकि सिक्किम में 598.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जो सामान्य से 78 प्रतिशत अधिक है।
इन राज्यों में बारिश ने बनाए रिकॉर्ड
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘अधिक वर्षा’ (सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक) हुई है। उनमें मध्य प्रदेश, गुजरात, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, झारखंड और असम शामिल हैं। मध्य प्रदेश में अब तक 645.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 54 प्रतिशत अधिक है। सामान्य वर्षा 418.4 मिमी होती है। गुजरात में 463.2 मिमी वर्षा हुई, जो 35 प्रतिशत अधिक है। जबकि केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में 1466.1 मिमी वर्षा हुई। जो 27 प्रतिशत की वृद्धि है।