छत्तीसगढ़ के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रयासों से राज्य स्तरीय तकनीकी समिति (SLTC) की 8वीं बैठक में चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के लिए सूखे और गीले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन हेतु आधुनिक संयंत्रों की स्थापना एवं उन्नयन की योजना को मंजूरी दी गई है।

इस परियोजना पर कुल 6 करोड़ 26 लाख 27 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें संयंत्र निर्माण, उपकरण लागत और अतिरिक्त कार्यों को मिलाकर 4 करोड़ 51 लाख रुपए का व्यय होगा, जबकि अगले पांच सालों तक संचालन और संधारण पर 1 करोड़ 75 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत योजना के तहत—
- सूखे कचरे के लिए 12 एमआरएफ प्लांट (Material Recovery Facility)
- गीले कचरे के लिए 12 नवीन विंड्रो कंपोस्ट प्लांट
स्थापित किए जाएंगे।
इस पहल से चिरमिरी में कचरा निस्तारण और रीसाइक्लिंग को नई दिशा मिलेगी। साथ ही शहर को स्वच्छ, प्रदूषण-मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से चिरमिरी में शहरी स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी तथा लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।