टीम इंडिया के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय एशिया कप 2025 में शानदार फॉर्म में हैं। उनके बल्ले से लगातार रन और बड़े शॉट निकल रहे हैं। अब वे एक ऐसे रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं जिसे तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा।

अभी तक अभिषेक ने इस टूर्नामेंट में 19 छक्के जड़ दिए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बहुराष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने रोहित शर्मा (15 छक्के, T20 वर्ल्ड कप 2024) और युवराज सिंह (12 छक्के, T20 वर्ल्ड कप 2007) को पीछे छोड़ दिया है।
अब अभिषेक का अगला लक्ष्य है सिकंदर रजा का रिकॉर्ड तोड़ना, जिन्होंने 2023/24 टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में 24 छक्के लगाए थे। यानी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल में अभिषेक को सिर्फ 6 और छक्के चाहिए। ऐसा करने पर वे फुल मेंबर नेशंस के किसी खिलाड़ी द्वारा एक बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
किसी बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के
सिकंदर रजा – 24 छक्के (T20 WC क्वालिफायर 2023/24)
एरॉन फिंच – 19 छक्के (T20 ट्राय सीरीज 2018)
अभिषेक शर्मा – 19 छक्के (एशिया कप 2025)
मार्टिन गुप्टिल – 17 छक्के (T20 ट्राय सीरीज 2017/18)
निकोलस पूरन – 17 छक्के (T20 वर्ल्ड कप 2024)
