भोपाल:
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा कल से ‘नहाए-खाए’ के साथ शुरू हो रहा है। चार दिवसीय यह पर्व सूर्य उपासना और मातृशक्ति के त्याग का प्रतीक माना जाता है।

शहर में इस बार छठ का उत्सव बेहद भव्य रहने वाला है।
भोपाल नगर निगम की ओर से सभी प्रमुख घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। घाटों की सफाई, सुरक्षा, रोशनी और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
शहर में 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा, जिसमें शीतल दास की बगिया मुख्य केंद्र रहेगा। यहां इस बार विशेष भगवा थीम पर सजावट की जा रही है।
आतिशबाजी और नौका विहार के साथ माहौल को और भी आकर्षक बनाया जाएगा।
पूरे आयोजन की व्यवस्था विभिन्न समितियों के वालंटियर्स संभालेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भोपाल में इस समय 3 लाख से अधिक भोजपुरी समाज के लोग निवासरत हैं, जो हर साल छठ पर्व को उत्साह, आस्था और भक्ति के साथ मनाते हैं।
कल सुबह नहाए-खाए से शुरू होकर यह पर्व 26 अक्टूबर की शाम अर्घ्य और 27 अक्टूबर की सुबह उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होगा।
