मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इस बार मुद्दा है — यूथ कांग्रेस के अंदर वोट चोरी का।
भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर 8 करोड़ वोट चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है।

राज्य के खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने आज भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर कई खुलासे किए। उन्होंने कहा कि —
“राहुल गांधी और कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के चुनाव को पूरी तरह से मज़ाक बना दिया। बड़े नेताओं के बेटों को पद दिलाने के लिए किसानों के बेटों के वोट चुरा लिए गए।
बड़े नेता के बेटे को बनाया अध्यक्ष
सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवा नेता यश घनघोरिया, जो एक बड़े कांग्रेस नेता के बेटे हैं, को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया।
वहीं किसान के बेटे अभिषेक परमार को जानबूझकर वोट चोरी कर हरा दिया गया।
शुल्क और फंड का भी आरोप
भाजपा के अनुसार, यूथ कांग्रेस के चुनाव में 15 लाख युवाओं ने पंजीयन कराया था। हर सदस्य से 50 रुपए शुल्क लिया गया, जिससे लगभग 7.5 करोड़ रुपए की राशि इकट्ठा हुई।
इसके अलावा, चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से अतिरिक्त शुल्क लिया गया, जिससे 1 करोड़ रुपए और वसूले गए।
सारंग ने कहा कि यह पैसा युवाओं और उनके माता-पिता की गाढ़ी कमाई से वसूला गया है।
8.5 लाख वोट हुए रिजेक्ट
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वास सारंग ने दावा किया कि यूथ कांग्रेस के चुनाव में 8.5 लाख वोट होल्ड या रिजेक्ट कर दिए गए, जो बाद में राहुल गांधी की टीम द्वारा “चोरी” कर लिए गए।
उन्होंने सवाल उठाया —
“राहुल गांधी लोकतंत्र की दुहाई देते हैं, लेकिन अपनी पार्टी में ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को खत्म कर चुके हैं। कांग्रेस के अंदर ही वोट चोरी हो रही है।”
उम्र सीमा का उल्लंघन
सारंग ने यह भी खुलासा किया कि कई ऐसे लोग भी चुनाव में शामिल किए गए जिनकी उम्र सीमा से बाहर थी।
जैसे — संतोष सिंह (विदिशा), जिनकी उम्र 44 वर्ष है, और अंजुम खान, जिनकी उम्र 36 वर्ष है, जबकि यूथ कांग्रेस में 18 से 35 वर्ष तक के युवाओं को ही शामिल किया जा सकता है।
