कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया विधिवत उद्घाटन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी का कार्य आज से कोरबा जिले में औपचारिक रूप से शुरू हो गया। जिले में धान खरीदी के सुचारु संचालन हेतु सभी समितियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ तैयार रखा गया है।

धान खरीदी का शुभारंभ विकासखण्ड कोरबा के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित केंद्र सोनपुरी में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
मंत्री श्री देवांगन ने सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया का प्रारंभ किया। इसके बाद समिति में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का स्वागत किया गया। उन्होंने धान बेचने आए किसान श्री फूलसिंह राठिया को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और सफल खरीदी सीजन की शुभकामनाएँ दीं।
मंत्री ने इस दौरान कहा कि सरकार किसानों की मेहनत और हक का पूरा सम्मान करती है। समर्थन मूल्य पर समय पर और पारदर्शी तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में रामपुर के विधायक श्री फूल सिंह राठिया, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में सभी खरीदी केंद्रों पर टोकन व्यवस्था, तौल सुविधा, भंडारण तथा भुगतान प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है।
