नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जाटलूर में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया।
45 वर्षीय ग्रामीण गोरा राम गोटा रोज की तरह सुबह 10 बजे अपने खेत की ओर जा रहा था। खेत की ओर जाने वाले रास्ते में घना जंगल पड़ता है।

इसी दौरान झाड़ियों के बीच अचानक तीन भालुओं ने एक साथ गोरा राम पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में ग्रामीण संभल भी नहीं पाया और भालुओं ने उसके सिर, हाथ और पैरों पर गहरे घाव कर दिए।
ग्रामीण की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे। लोगों की भीड़ देखकर भालू जंगल की ओर भाग गए, जिससे गोरा राम की जान बच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायल को जाटलूर कैंप पहुँचाया। जहां मौजूद जवानों ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद स्थिति गंभीर देख 108 एंबुलेंस की मदद से उसे नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीण का उपचार शुरू किया।
उसके सिर पर कई टांके लगाए गए और लगातार खून बहने के कारण हालत को गंभीर माना गया। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने तत्काल उसे जगदलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों में दहशत
इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और वन विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए।
