छत्तीसगढ़ में इस समय हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड चरम पर है। राज्य के चारों संभागों के कई जिले शीतलहर की गिरफ्त में हैं। ऐसी ठिठुरन को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 9 दिसंबर को सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में शीतलहर और तेज़ सर्द हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है, जबकि माना एयरपोर्ट क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन पारा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं बीते दिन यानी सोमवार को अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 दिसंबर को रायपुर में सुबह धुंध छाई रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में इतना डिग्री सेल्सियस तापमान
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस, माना में 29.8 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 28.8 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रारोड में 26.6 डिग्री सेल्सियस, अम्बिकापुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 29.6 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 28.2 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
