कोरबा। जिले के बरपारा कोहड़िया स्थित बाबा डेरा बस्ती में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर खिड़की तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पारिवारिक कार्यक्रम में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार बाबा डेरा बस्ती निवासी संजय केंवट अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जांजगीर-चांपा गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर को सूना पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खोला, तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ मिला। यह देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

खिड़की तोड़कर घुसे चोर
सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि चोरों ने घर के पीछे की खिड़की तोड़कर प्रवेश किया था। वारदात के बाद चोर कुछ पेटी और सामान को घर के बाहर फेंककर फरार हो गए।
फास्ट फूड दुकान चलाते हैं पीड़ित
मकान मालिक संजय केंवट ने बताया कि वे चौपाटी में फास्ट फूड की दुकान लगाते हैं। उनकी पत्नी ने अलमारी में 1 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात रखे थे, जिस पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
मामला दर्ज, तलाश जारी
सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
