14 जनवरी को निगम सभागार में निकाली जाएगी लॉटरी
भिलाईनगर।
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित आवासों के आवंटन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। नगर निगम द्वारा 1191 आवासों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
वर्तमान स्थिति की बात करें तो भिलाई नगर निगम में अब तक 2363 आवास हितग्राहियों को अलॉटमेंट किया जा चुका है, जबकि योजना के अंतर्गत कुल 3693 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है।

जरूरतमंदों को न्यूनतम दर पर मिल रहा आवास
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत ऐसे पात्र हितग्राहियों को मकान उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनके नाम भारत में कहीं भी मकान या भूमि नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत न्यूनतम अंशदान पर मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे शहरी गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है।
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में बड़ी संख्या में हितग्राही इस योजना का लाभ ले चुके हैं और कई परिवार अपने नए आवासों में निवास भी कर रहे हैं।
14 जनवरी को होगी लॉटरी प्रक्रिया
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार 14 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे, निगम सभागार में लॉटरी के माध्यम से मकानों का आवंटन किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिसमें पात्र हितग्राहियों की उपस्थिति में मकानों का चयन किया जाएगा।
लॉटरी में शामिल होने के लिए हितग्राहियों को—
- मकान की लागत का 10 प्रतिशत अंशदान,
- तथा बेदखली व्यवस्थापन के लिए ₹75,000
की राशि नगर निगम कोष में जमा कराना अनिवार्य होगा।
इन स्थानों पर बने आवासों का होगा आवंटन
लॉटरी के माध्यम से निम्नलिखित परियोजनाओं में बने आवासों का आवंटन किया जाएगा—
- अविनाश मेट्रोपॉलिश, कोहका – 1 मकान
- अम्रपाली वनांचल सिटी, हाउसिंग बोर्ड – 29 मकान
- स्वप्निल बिल्डर, कुरूद – 1 मकान
- माइलस्टोन स्कूल के पास, खम्हरिया – 559 मकान
- ग्रीन वैली, खम्हरिया – 58 मकान
- सूर्या विहार के पीछे, खम्हरिया – 531 मकान
- एनार स्टेट, खम्हरिया – 5 मकान
- आम्रपाली फेस-टू – 1 मकान
- वंदे मातरम, कुरूद – 6 आवास
नगर निगम प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय पर आवश्यक अंशदान जमा कर 14 जनवरी की लॉटरी प्रक्रिया में भाग लें, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके।
