ईरानी डेरे के कुख्यात सरगना राजू ईरानी इस वक्त पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन उसका मेडिकल चेकअप कराया। हालांकि डॉक्टरों ने भर्ती करने जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं बताई है। इसी बीच पुलिस को पूछताछ में कई अहम जानकारियां भी मिली हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस रिमांड के दौरान राजू ईरानी लगातार यह कह रहा था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। पूछताछ के बीच उसे उल्टी आने की शिकायत भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एहतियातन उसका ब्लड प्रेशर चेक करवाया।
ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाए जाने पर पुलिस उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर नहीं है और उसे भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। उपचार के बाद उसे फिर से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
पुलिस को मिले अहम सुराग
इधर, मेडिकल चेकअप के बावजूद पुलिस की पूछताछ जारी रही, जिसमें कई नई और अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, राजू ईरानी से जुड़े नेटवर्क, अवैध गतिविधियों और अन्य आरोपियों को लेकर भी अहम इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर आगे और कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस अधिकारी का बयान
इस पूरे मामले पर एसीपी अक्षय चौधरी ने बताया कि—
“पूछताछ के दौरान आरोपी को उल्टी और ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई थी। एहतियातन उसे हमीदिया अस्पताल भेजा गया था। वहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने भर्ती की जरूरत नहीं बताई। फिलहाल आरोपी की हालत स्थिर है और पूछताछ जारी है।”
फिलहाल राजू ईरानी पुलिस रिमांड पर ही है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
