भोपाल में तेज रफ्तार का एक और मामला सामने आया है, जहां तेज गति से जा रही एक कार सड़क किनारे लगे होर्डिंग के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होर्डिंग का पिलर टूट गया और पूरा होर्डिंग कार के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा जनहानि का खतरा हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर रास्ता साफ कराया। वहीं, होर्डिंग गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना की असली वजह क्या थी और चालक ने शराब या किसी अन्य लापरवाही के साथ वाहन तो नहीं चला रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होर्डिंग का पिलर सुरक्षा मानकों के अनुसार लगाया गया था या नहीं।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों की ओर इशारा करता है। प्रशासन लगातार लोगों से सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
