रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पदभार ग्रहण करते ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे और पटाखे फोड़कर, बैंड-बाजे की धुन पर नाचते हुए खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा का ध्वज लहराया और पार्टी के पक्ष में नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता पार्टी को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी।

छत्तीसगढ़ में संगठन को दी नई धार
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन की सटीक रणनीति और मजबूत संगठनात्मक दक्षता के चलते राज्य में भाजपा संगठन को नई धार मिली। उनके नेतृत्व में पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस के कथित कुशासन को निर्णायक रूप से पराजित करते हुए ऐतिहासिक प्रचंड बहुमत हासिल किया।
उन्होंने कहा कि यही संगठनात्मक मजबूती आगे चलकर लोकसभा चुनाव 2024 और स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा की अभूतपूर्व विजय का मजबूत आधार बनी।
कार्यकर्ताओं में विश्वास और अनुशासन की पहचान
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक कार्यकर्ताओं में विश्वास, अनुशासन और कर्तव्यबोध स्थापित करना नितिन नबीन की कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान रही है। इसी कारण भाजपा छत्तीसगढ़ में एक सशक्त, संगठित और जनआधारित राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आई है।
भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा नेतृत्व
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन नबीन का अनुभव, ऊर्जा और संगठन कौशल भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी की जनसेवा, विकास और राष्ट्रनिर्माण की विचारधारा और अधिक प्रभावी ढंग से देश के हर वर्ग तक पहुंचेगी।
प्रदेश कार्यालय में उत्साह का माहौल
भाजपा प्रदेश कार्यालय में देर तक जश्न का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और पार्टी नेतृत्व के प्रति अपना भरोसा जताया। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा के लिए नए युग की शुरुआत बताते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
