भिलाई। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर भिलाई में स्थित हरिओम इंगोट्स एंड पावर लिमिटेड के कार्यालय में जीएसटी विभाग की टीम ने सोमवार को छापेमारी की। इस कार्रवाई से कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जीएसटी अधिकारियों की दो टीमें अलग-अलग वाहनों में सवार होकर कंपनी के दफ्तर पहुंचीं और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच शुरू की।

वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच
बताया जा रहा है कि सात जीएसटी अधिकारी कंपनी कार्यालय में पहुंचे और बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस, टैक्स भुगतान से जुड़े दस्तावेज, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) समेत अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रहे हैं। दस्तावेजों की संख्या अधिक होने के कारण जांच लंबी चल रही है और मंगलवार को भी कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड के माध्यम से कर भुगतान की स्थिति, इनपुट टैक्स क्रेडिट की वैधता और संभावित अनियमितताओं से संबंधित जानकारियां खंगाली जा रही हैं। देर शाम तक दस्तावेजों की छानबीन जारी रही।
कामकाज रहा सामान्य
कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार, जीएसटी की टीम फिलहाल कंपनी के भीतर ही जांच कर रही है, लेकिन इस दौरान कंपनी का सामान्य कामकाज बाधित नहीं किया गया। अधिकारियों ने किसी प्रकार से उत्पादन या कार्यालयीन गतिविधियों को बंद नहीं करवाया है।
मालिक बाहर, कर्मचारी कर रहे सहयोग
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के मालिक इस समय बाहर गए हुए हैं, जबकि कंपनी के कर्मचारी जांच टीम को पूरा सहयोग दे रहे हैं। कर्मियों द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज जीएसटी अधिकारियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं और पूछताछ में भी सहयोग किया जा रहा है।
सात अफसरों के एक साथ पहुंचने से मचा हड़कंप
कर्मचारियों के अनुसार, अचानक सात जीएसटी अधिकारियों के एक साथ कंपनी परिसर में पहुंचने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारी हाथों में दस्तावेज लेकर एक-एक कर कंपनी के भीतर दाखिल हुए और देर शाम तक टैक्स और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच करते रहे।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल जीएसटी विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कार्रवाई का कारण क्या है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई है या नहीं।
