मध्यप्रदेश के मैहर से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की खबर सामने आई है।
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में स्कूल प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है।
प्राचार्य पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
दरअसल, गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्चों को कागज पर भोजन परोसने का मामला सामने आया था, जिसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही और बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन माना।
कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के आधार पर कमिश्नर ने यह कड़ी कार्रवाई की है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान सुनील कुमार त्रिपाठी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सतना रहेगा।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि
बच्चों के सम्मान, उनके अधिकारों और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग में हड़कंप है और इसे एक नजीर के तौर पर देखा जा रहा है।
