रायपुर। सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में कल से तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का भव्य आगाज होने जा रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे मैनपाट में आयोजित यह महोत्सव संस्कृति, कला और पर्यटन का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। आयोजन 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देश और प्रदेश के ख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से मैनपाट को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करना है।

पहले दिन सांस्कृतिक धमाल
महोत्सव के पहले दिन भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी लोकगीतों की रंगत बिखेरेंगे। इसके अलावा ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य भी मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और ऊर्जावान शैली के लिए जाना जाता है।
दूसरे दिन लोक और सुरों की महफिल
14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। साथ ही ‘इंडियन आइडल’ से पहचान बनाने वाली वैशाली रायकवार भी अपनी प्रस्तुति देंगी। इस दिन लोक और आधुनिक संगीत का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
तीसरे दिन बॉलीवुड और शास्त्रीय रंग
महोत्सव के अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर अपनी लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं रायगढ़ घराने की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव शास्त्रीय नृत्य की मोहक प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा गायक आयुष नामदेव भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, बॉलीवुड संगीत और शास्त्रीय कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाएगा, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्प को भी नई पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा।
