रायपुर l छत्तीसगढ़ सरकार को 2025 के पहले दिन ही मोदी सरकार ने बड़ा गिफ्ट दिया है. राज्य सरकार को बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 250 करोड़ रुपए मिले हैं. जबकि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के कामों की सराहना भी की है. छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और क्षमता बढ़ाने के लिए आईटी आधारित वित्तीय प्रबंधन प्रणाली लागू की है, केंद्र सरकार ने इसी प्रयास को सराहते हुए प्रदेश को 250 करोड़ की राशि ट्रांसफर की है. जिसका इस्तेमाल राज्य की अधोसंरचना परियोजनाओं को मजबूत करने में किया जाएगा. वहीं इस सौगात के लिए सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार का धन्यवाद किया है.
राज्य सरकार ने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लिए ‘जस्ट इन टाइम’ (JIT) मॉडल और SNA स्पर्ष प्रणाली को राज्य में लागू किया है, जो सही समय और उपयोग की ट्रैकिंग सुनिश्चित करती है. इस प्रणाली के जरिए RBI के E-KUBER नेटवर्क और राज्य की वित्तीय प्रबंधन और सूचना प्रणाली को भी जोड़ता है. इससे भुगतान और खर्चे को वास्तविक समय में ही पारदर्शी बनाया जाता है. इस प्रणाली से डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग आम जनता भी कर रही है. छत्तीसगढ़ सरकार के इस प्रयास से न केवल राज्य की व्यवस्था तकनीकी रूप से मजबूत हो रही है, बल्कि इस प्रयोग से केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया प्रोग्राम को भी बढ़ावा मिल रहा है. जबकि यह प्रणाली दूसरे राज्यों के लिए प्रेरणा बन रही है, जिसके लिए मोदी सरकार ने साय सरकार की तारीफ भी की है.

