प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो में आयोजित भारत–जापान इकोनॉमिक फोरम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों को रेखांकित किया और कहा कि “भारत की विकास यात्रा में जापान हमेशा से एक अहम पार्टनर रहा है।”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जापान को भारत के लिए एक विश्वसनीय सहयोगी बताया और कहा कि दोनों देशों की साझेदारी सिर्फ आर्थिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह टेक्नोलॉजी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और सांस्कृतिक रिश्तों में भी गहराई से जुड़ी है।
पीएम मोदी ने जापानी निवेशकों को भारत आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक ग्रोथ का इंजन है और यहाँ निवेश के लिए अपार अवसर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि भारत में चल रहे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे अभियानों से जापानी कंपनियों के लिए बड़े अवसर खुल रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत और जापान मिलकर एशिया और विश्व की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगे।