शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निर्धारित नो-एंट्री नियमों की अवहेलना करने वाले भारी वाहनों और प्रमुख मार्गों पर नो-पार्किंग में वाहन खड़े कर जाम की स्थिति निर्मित करने वालों पर एक साथ प्रभावी कार्यवाही की गई।

नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले 07 भारी वाहन जब्त
भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश हेतु समय व मार्ग निर्धारित होने के बावजूद कुछ चालक प्रतिबंधित समय में मुख्य मार्गों व अंदरूनी क्षेत्रों में चोरी-छिपे प्रवेश कर रहे थे। इससे मार्गों पर दबाव बढ़ने के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी जिस हेतु तेलीबांधा एवं पचपेढ़ी नाका थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई। जांच के दौरान नो-एंट्री के प्रतिबंधित समय व मार्गों पर प्रवेश करने वाले 07 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई तथा चालकों को नियमों के कड़ाई से पालन की समझाइश दी गई।
