अभिनेता चियान विक्रम की अगली फिल्म चियान 63 के टाइटल का एलान हो गया है. इस फिल्म का नाम पावर हाउस है. फिल्म निर्माताओं ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर को फिल्म का टाइटल प्रोमो जारी किया , जिसमें आनंद शंकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म की एक शानदार और धमाकेदार झलक दिखाई गई है.

प्रोमो में घरेलू ड्रामा, हास्य और हिंसा का एक अनोखा मिश्रण देखने को मिल रहा है. साथ ही विक्रम के किरदार के एक गहरे पहलू की ओर भी इशारा किया गया है. प्रोमो की शुरुआत में अभिनेता को एक पुराने जमाने के घर में केले से भरी डाली को ले जाते हुए दिखाया गया है. इसके बाद मेखा राजन, सुभाष सेल्वम और संयुक्ता हेगड़े को अपने-अपने काम पूरे करने के बाद विक्रम को रिपोर्ट करते हुए दिखाया गया है, जो एक खानपान सेवा के कारोबार की ओर इशारा करता है.
विक्रम एक ऐसे केयरटेकर की भूमिका में नजर आते हैं, जो शादियों का आयोजन करता है और अपने द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के लिए आत्मविश्वास से ‘100% गारंटी’ देता है. सर्वम माया फेम रिया शिबू को उनकी भतीजी के रूप में पेश किया गया है, और प्रोमो में उन्हें अक्सर अपने ही ख्यालों में खोई रहने वाली लड़की के रूप में दिखाया गया है.
उर्वशी और वीटीवी गणेश के साथ रसोई के एक सीन में भी हल्का-फुल्का माहौल बना रहता है, जहां वे खाना बनाते समय हंसी-मजाक करते नजर आते हैं. हालांकि, माहौल तब बदल जाता है जब विक्रम कुछ सामान लेने के लिए स्टोर रूम की ओर जाते हैं.
प्रोमो में विक्रम का वह रूप दिखाया गया है जिसे ‘अन्नियन’ कहा जा रहा है. गेट के खुलते ही कमरे में दो बुरी तरह घायल लोग पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि विक्रम शांति से खून साफ कर रहे हैं. यह सीन बताता है कि उसके साधारण दिखने के पीछे एक रहस्यमय और निर्दयी व्यक्ति छिपा है.
पावर हाउस का प्रोमो देख अब विक्रम के फैंस तरह-तरह के कमेंट्स पोस्ट कर रहे हैं. कोई लिख रहा है कि इस फिल्म से एक्टर का बिग कमबैक होगा. किसी ने लिखा है लगता है अपरिचित लौट रहा है. बता दें, फिल्म साल 2027 में रिलीज होगी और तब पता चलेगा कि दर्शकों को विक्रम का यह अवतार कैसा लगेगा.
पावर हाउस के संगीतकार संतोष नारायणन हैं. सत्य ज्योति फिल्म्स ने अपने पोस्ट में सिनेमैटोग्राफर आरडी राजशेखर, गोपी प्रसन्ना (जो प्रोडक्शन डिजाइनर भी हैं) और कॉस्ट्यूम डिजाइनर-स्टाइलिश पूर्णिमा रामास्वामी को भी टैग किया है.
सत्य ज्योति फिल्म्स बैनर के तहत सेंधिल त्यागराजन और अर्जुन त्यागराजन द्वारा निर्मित पावर हाउस में शम्मी थिलाकन भी मुख्य भूमिका में हैं. इस फिल्म से विक्रम और शंकर 10 साल बाद फिर साथ में आ रहे हैं. इस एक्टर-डायेरक्टर की जोड़ी ने साल 2016 में हिट फिल्म इरु मुगन दी थी.
