राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित भीम नगर इलाके में दहशत फैलाने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के बाहर बैठे एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। यह घटना 9 दिसंबर की रात की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।

घर के बाहर बैठे युवक पर अचानक हमला
जानकारी के मुताबिक घायल युवक दानिश घर के बाहर बैठा हुआ था, तभी चार युवक हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार से वार किया, जिससे दानिश के पैर में गंभीर चोटें आईं।
पैर में आए 40 से 50 टांके
हमले में दानिश का पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 से 50 टांके लगाए। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
घायल युवक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि अद्दु, अन्ना, विजय और शुभम नाम के युवकों ने उसके पति पर तलवार से हमला किया। पत्नी का कहना है कि आरोपी इलाके में पहले भी दहशत फैलाते रहे हैं और जान से मारने की नीयत से हमला किया गया।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज होने की बात कह रही है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हमलावर योजनाबद्ध तरीके से आते हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
आरोपी अब भी फरार
घटना के कई दिन बाद भी सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इससे इलाके के लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। स्थानीय रहवासियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
