पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाली महोत्सव 2026 का शुभारंभ शिव आरती, दीपोत्सव और भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। शाम करीब 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट पर आयोजित शिव आरती और दीपोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। ऐतिहासिक शिव मंदिर और सरोवर के चारों ओर दीपों की जगमगाती रोशनी के बीच धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उनके मुख्य आतिथ्य में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान गंगा आरती और धूप आरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने ऐतिहासिक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल और ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
पाली महोत्सव के शुभारंभ ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या से आयोजन स्थल देर रात तक गुलजार रहा।
