भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान उस वक्त विवाद की स्थिति बन गई, जब ऑनलाइन चालान नहीं काटने को लेकर पुलिस और वाहन चालकों के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार बैरागढ़ थाना पुलिस नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने पर चालान काटे जा रहे थे। इसी बीच कुछ वाहन चालकों ने चालान ऑनलाइन माध्यम से काटने की मांग की। वाहन चालक इस बात पर अड़े रहे कि नियमों के अनुसार चालान ऑनलाइन होना चाहिए।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वाहन चालक पुलिस से ऑनलाइन चालान काटने की बात कह रहे हैं, जबकि इसी मुद्दे पर पुलिस और चालकों के बीच बहस तेज हो जाती है। बात यहीं नहीं रुकी, विवाद उस समय और बढ़ गया जब पुलिस की ओर से शराब पीने का आरोप लगाया गया।
शराब पीने की बात पर वाहन चालक ने तुरंत ब्रैथ एनालाइजर मशीन से जांच करने की मांग की। इसी मुद्दे पर पुलिस और वाहन चालक के बीच कहासुनी और बढ़ गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
हालांकि बाद में स्थिति को संभाल लिया गया, लेकिन इस पूरी घटना ने वाहन चेकिंग के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह मामला बैरागढ़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
