मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर जिले में आयोजित
तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव को संबोधित करते हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है,
जो भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का सशक्त प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को
मकर संक्रांति, लोहड़ी और पोंगल की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं
और तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए
हर वर्ष 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने
तपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में प्राचीन शिव चबूतरे पर पूजा-अर्चना कर
प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
विकास को मिली नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिला मुख्यालय में—
शासकीय महिला कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल,
डाइट संचालन हेतु भवन,
और जिला पंजीयन कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा की।
साथ ही उन्होंने जिले में 655 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का
लोकार्पण और भूमिपूजन कर विकास की बड़ी सौगात दी।
सरकार के दो साल, गिनाई गईं बड़ी उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि—
सरकार के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं और जनता से किए गए
हर वादे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि—
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर पात्र को पक्का मकान,
किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य,
महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह,
भूमिहीन कृषि मजदूर योजना से 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को ₹10,000,
और श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना से अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जा चुकी है।
बच्चों संग पतंग उड़ाकर मनाई मकर संक्रांति
मुख्यमंत्री श्री साय ने तातापानी में
60 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा के पास स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर
मकर संक्रांति का पर्व उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया।
इस दृश्य ने पर्व की सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
200 नवविवाहित जोड़ों को मिला मुख्यमंत्री का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत
विवाह बंधन में बंधे 200 जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया
और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कुम्हार चाक घुमाकर शिल्पकारों को सम्मान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने
ग्रामीण हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करते हुए
कुम्हार शिवमंगल के साथ खुद चाक पर मिट्टी डालकर
कुम्हार चाक चलाया, जिससे शिल्पकारों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
इस अवसर पर
कृषि मंत्री रामविचार नेताम,
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
और सांसद चिंतामणि महाराज भी मौजूद रहे और कार्यक्रम को संबोधित किया।
