भोपाल में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र के जाटखेड़ी इलाके में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान पवन गवई के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के मल्लापर गांव का रहने वाला था। पवन 14 फरवरी को अपनी बहन से मिलने भोपाल आया था। घटना के दिन वह अपने नाबालिग भांजे के साथ किराना दुकान पर सामान लेने गया था। उसी दौरान दुकान पर पहले से मौजूद बबलू नामक युवक ने उसे देखकर आपत्तिजनक टिप्पणी की — “महाराष्ट्रीयन यहां क्या कर रहा है?” इस पर पवन ने विरोध जताते हुए जवाब दिया कि वह किसी से पूछकर नहीं आया है।
बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि बबलू ने पहले पवन को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में पवन ने भी उसे तमाचा जड़ दिया। इससे गुस्साए बबलू ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और पवन के सीने पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि पवन लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चाकू से हमले की पुष्टि हुई है। पुलिस पुराने विवाद की आशंका के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इस घटना के बाद जाटखेड़ी इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस एहतियातन इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
