भोपाल के कस्तूरबा नगर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग फर्नीचर और प्लास्टिक की टंकी बनाने वाली मेहता इंडस्ट्री नाम की फैक्ट्री में लगी, जहां देखते ही देखते लपटों ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एहतियातन फैक्ट्री से लगे घरों को तुरंत खाली कराया गया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। स्थानीय लोगों ने धुएं का घना गुबार उठता देख तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई है और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के कारण भड़की होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक होने की आशंका है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
