रायपुर। राजधानी रायपुर इस समय पूरी तरह आईपीएल के रंग में रंगी हुई है। आईपीएल 2026 के दो बड़े मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को Mumbai Indians और Royal Challengers Bengaluru के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 13 मई को Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders आमने-सामने होंगे।
इन मुकाबलों को लेकर टिकट बिक्री शुरू होते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी और कुछ ही मिनटों में अधिकांश टिकट सोल्ड आउट हो गए। दूसरी तरफ टिकटों की कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ गई है, जिससे आम दर्शकों के लिए टिकट खरीदना मुश्किल होता जा रहा है।

मिनटों में खत्म हुए हजारों टिकट
10 मई को होने वाले मुंबई इंडियंस और आरसीबी मुकाबले के लिए दूसरे चरण की टिकट बिक्री शुरू होते ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। 2600 रुपये से लेकर 8000 रुपये तक के टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए।
जानकारी के मुताबिक 2600 और 2700 रुपये वाले करीब 3000 से अधिक टिकट सबसे पहले खत्म हुए। पहले चरण में ही स्टेडियम की आगे की सीटें लगभग भर चुकी थीं, इसलिए दूसरे चरण में पीछे की सीटों के टिकट उपलब्ध थे। इसके बावजूद महंगे टिकटों की मांग इतनी ज्यादा रही कि शाम तक लगभग सभी सीटें बुक हो गईं।
वहीं 13 मई को आरसीबी और केकेआर मुकाबले को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत धीमी नजर आ रही है। अब तक करीब 60 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं, जबकि लगभग 40 प्रतिशत सीटें अभी भी उपलब्ध बताई जा रही हैं।
कालाबाजारी ने बढ़ाई फैंस की मुश्किलें
मैचों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी खुलेआम जारी है। एजेंट और दलाल टिकट खरीदकर उन्हें कई गुना अधिक कीमत पर बेच रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार लगभग 3000 रुपये का टिकट 6000 रुपये या उससे ज्यादा में बेचा जा रहा है। लोअर और अपर स्टैंड के टिकट 5500 से 8000 रुपये तक पहुंच चुके हैं। वहीं प्रीमियम ए और बी स्टैंड के टिकट 16000 रुपये तक में बेचे जाने की खबरें सामने आ रही हैं।
इस वजह से कई क्रिकेट प्रशंसकों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होते ही निराशा हाथ लग रही है। लोगों का कहना है कि असली दर्शकों की बजाय एजेंट पहले टिकट खरीद लेते हैं और बाद में ऊंचे दामों पर बेचते हैं।
रायपुर पहुंची मुंबई इंडियंस टीम
10 मई के मुकाबले के लिए Mumbai Indians की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। टीम के स्टार खिलाड़ी Rohit Sharma, Suryakumar Yadav, Naman Dhir समेत अन्य खिलाड़ी भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से सीधे होटल पहुंचे।
खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में फैंस मौजूद रहे। इस दौरान खिलाड़ियों के स्वागत में जमकर नारेबाजी और उत्साह देखने को मिला।
हालांकि टीम के कप्तान Hardik Pandya अभी टीम के साथ रायपुर नहीं पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि यदि वे समय पर टीम से नहीं जुड़ते हैं तो Suryakumar Yadav कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। टीम फिलहाल नवा रायपुर स्थित Mayfair Lake Resort में रुकी हुई है।
विराट कोहली के साथ रायपुर पहुंचेगी RCB
Royal Challengers Bengaluru की टीम 9 मई को रायपुर पहुंचेगी। टीम के साथ स्टार बल्लेबाज Virat Kohli भी मौजूद रहेंगे।
आरसीबी की टीम रायपुर में करीब पांच दिनों तक रुककर दोनों मुकाबलों की तैयारी करेगी। खिलाड़ियों का अभ्यास सत्र शाम के समय रखा गया है ताकि दिन की तेज गर्मी से बचा जा सके।
सुरक्षा कारणों से अभ्यास सत्र में दर्शकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। होटल परिसर में भी फैंस के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
स्टेडियम और होटल में सख्त सुरक्षा
प्रशासन और पुलिस विभाग ने दोनों टीमों की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। स्टेडियम परिसर, होटल और टीमों के आवागमन वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या सामने न आए। साथ ही टिकटों की कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए भी विशेष टीम सक्रिय की गई है।
