रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल के बाद अब इंटरनेशनल क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर में जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ तीन टी-20 मुकाबले खेलेगी। यह पहली बार होगा जब रायपुर में महिला क्रिकेट का कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित किया जाएगा।
Board of Control for Cricket in India द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय सीरीज खेली जाएगी। इस ऐतिहासिक दौरे में कुल 6 सफेद गेंद के मुकाबले होंगे, जिसमें रायपुर में 3 टी-20 और वडोदरा में 3 वनडे मैच आयोजित किए जाएंगे।

जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पहला भारत दौरा होगा। अब तक दोनों टीमों के बीच मुकाबले केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर तक सीमित रहे हैं। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारी के मद्देनजर यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है। खासतौर पर वर्ष 2027 में होने वाली महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए दोनों टीमों के लिए यह सीरीज उपयोगी साबित होगी।
रायपुर में टी-20 मुकाबलों का कार्यक्रम
- 16 अक्टूबर — पहला टी-20
- 18 अक्टूबर — दूसरा टी-20
- 20 अक्टूबर — तीसरा टी-20
वडोदरा में वनडे मुकाबलों का कार्यक्रम
- 23 अक्टूबर — पहला वनडे
- 25 अक्टूबर — दूसरा वनडे
- 28 अक्टूबर — तीसरा वनडे
