रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एकता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और पार्टी के नेता आपस में ही लड़ाई लड़ रहे हैं।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल जुलाई में पूरा होने वाला है, लेकिन अब तक कार्यकारिणी का गठन तक नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान चल रही है।
उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव अध्यक्ष बनना चाहते हैं, वहीं अमरजीत भगत भी इस पद की इच्छा रखते हैं, जबकि दीपक बैज खुद अध्यक्ष बने रहना चाहते हैं। भाजपा विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले आपस में तय कर लेना चाहिए और जनता को भ्रमित नहीं करना चाहिए।
पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि “3200 करोड़ रुपए के घोटाले के बंटवारे को लेकर भी पार्टी में अंदरूनी प्रतिस्पर्धा चल रही है।” उन्होंने दावा किया कि देश में कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और “कांग्रेस मुक्त भारत” भाजपा का एजेंडा है।
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में भी कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो चुकी है। भाजपा विधायक ने कहा कि भाजपा देशभर में मजबूत स्थिति में है और छत्तीसगढ़ से लेकर बंगाल तक पार्टी का प्रभाव बढ़ रहा है।
“भाजपा ने देश को पाकिस्तान बनने से बचाया”
भाजपा विधायक ने कहा कि भाजपा का फोकस संगठन और विकास पर है। बिलासपुर क्षेत्र की सीटों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा कहीं भी कमजोर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने भारत को “पाकिस्तान बनने से बचाया” है।
हसदेव अरण्य मामले पर भी बोले पुरंदर मिश्रा
हसदेव अरण्य के केते एक्सटेंशन को लेकर टीएस सिंहदेव द्वारा एफएसी को पत्र लिखे जाने पर भी पुरंदर मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 2018 में इसकी शुरुआत हुई थी और इस पूरे मामले की जानकारी टीएस सिंहदेव को बेहतर तरीके से है।
