बिलासपुर। Bilaspur के जरहाभाठा मंदिर चौक इलाके में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हाई वोल्टेज के कारण बिजली मीटर ब्लास्ट होने से फैंसी स्टोर में भीषण आग लग गई। दुकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील और फैंसी सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान संचालक के अनुसार करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, जरहाभाठा मंदिर चौक निवासी विजय राजगीर अपने मकान के नीचे फैंसी स्टोर संचालित करते हैं, जबकि ऊपरी मंजिल में परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक दुकान के बिजली मीटर में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए।
दुकान संचालक विजय राजगीर ने बताया कि ब्लास्ट के तुरंत बाद दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा। स्थिति गंभीर होते देख उन्होंने तुरंत परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
दमकल पहुंचने में हुई देरी
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रशासन को दी गई, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन मौके पर पहुंचने में करीब पौन घंटा लग गया। इस दौरान आग लगातार फैलती रही। आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग भी आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
करीब 45 मिनट बाद State Disaster Response Force (एसडीआरएफ) की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। वहीं Civil Lines Police Station की पेट्रोलिंग टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही। दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि एक दमकल के पानी से ही आग बुझाने में सफलता मिली।
20 लाख रुपये के नुकसान का दावा
दुकान संचालक ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा लगभग 20 लाख रुपये का सामान पूरी तरह जल गया। फैंसी स्टोर में प्लास्टिक और सजावटी सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। दुकान संचालक विजय राजगीर ने मामले की शिकायत Civil Lines Police Station में दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच में हाई वोल्टेज और बिजली मीटर ब्लास्ट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस और बिजली विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
