रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय गुणवत्तापूर्ण खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रामोद्योग एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायक सहित खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

खादी खरीद पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट
छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को विशेष सौगात दी गई है। 2 अक्टूबर से 31 मार्च तक खादी वस्त्रों की खरीद पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।
इसी अवसर पर ‘सेल्फी विद खादी’ अभियान की भी शुरुआत की जाएगी। अभियान के जरिए लोगों को खादी अपनाने और इसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रदर्शनी में दिखेंगे खादी और ग्रामोद्योग के उत्पाद
प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों, गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। यहां लोगों को खादी से जुड़े उत्पादों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न ग्रामोद्योगों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी मिलेगी।
आयोजन का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। गांधी जयंती के मौके पर आयोजित यह सम्मेलन प्रदेश में खादी और ग्रामीण उद्योगों से जुड़े कारीगरों एवं संस्थानों के लिए भी महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।
