भारत और वेस्टइंडीज के बीच अभी तक बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है और आज यानी रविवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी यह बरकरार रहने की पूरी उम्मीद है, जिससे कि गेंदबाजों पर काफी दबाव रहेगा. रांची में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 501 रन बने. वेस्टइंडीज ने भारत के 250 रन के लक्ष्य को लगभग एक ओवर शेष रहते हुए ही हासिल कर दिया था. इंदौर का होलकर स्टेडियम छोटी बाउंड्री और सपाट पिच के लिए जाना जाता है. इसलिए अगर यहां फिर से रनों का अंबार देखने को मिले तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा.

होलकर स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. होलकर स्टेडियम में पहली बार एडवांस फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे संदिग्ध और ब्लैकलिस्टेड लोगों की तुरंत पहचान संभव होगी. दर्शकों की सुविधा के लिए किसी भी तरह की लॉकर या क्लॉक रूम व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी. ऐसे में पावर बैंक, चार्जर, ईयरफोन, लैपटॉप, डीएसएलआर और प्रोफेशनल कैमरे, सेल्फी स्टिक समेत कई वस्तुओं को स्टेडियम के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा बड़े बैग, लैपटॉप बैग, महिला हैंडबैग, छाते और सिक्कों पर भी प्रतिबंध रहेगा.
होप की फॉर्म से इंडिया को रहना होगा अलर्ट
आज के मैच में भारत को होप की शानदार फॉर्म को लेकर भी सतर्क रहना होगा. वेस्टइंडीज के कप्तान ने इस दौरे पर दो शतक जड़े हैं और वह फिर से बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे. भारत के लिए गेंदबाजी अब भी चिंता का विषय बना हुआ है और वह इस मैच में इसका हल ढूंढने की कोशिश करेगा. इस मैच में ओस की भी अहम भूमिका रहने की उम्मीद है.
कप्तान श्रेयस अय्यर पर टिकी नजर
मयंक ने पिछले मैच में तीन विकेट लेकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी लेकिन बाकी गेंदबाज रनों पर अंकुश नहीं लगा पाए और वेस्टइंडीज ने शुरुआती झटकों के बावजूद जोरदार वापसी करके रिकार्ड लक्ष्य हासिल कर दिया. भारत के लिए इस सीरीज का सकारात्मक पहलू कप्तान श्रेयस अय्यर का फॉर्म में लौटना है. उन्होंने पहले मैच में नाबाद 102 रन बनाए और दूसरे मैच में 18 गेंद पर 40 रन की तूफानी पारी खेली.
वैभव को करना होगा अभी इंतजार
संजू सैमसन ने 41 गेंदों में 82 रन बनाकर प्लेइंग-11 में अपनी जगह फिर से पक्की कर दी. इसका मतलब है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को फिर से बाहर बैठना पड़ सकता है. भारतीय कोच गौतम गंभीर ने भी रांची में दूसरे मैच के बाद कहा था कि मध्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है लेकिन शीर्ष क्रम में नहीं. मुख्य कोच ने यह भी स्वीकार किया कि शिवम दुबे के अय्यर से पहले चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के बाद भारत अपने टीम कॉम्बिनेशन के साथ प्रयोग करना जारी रखेगा. हालांकि दुबे केवल सात रन बनाकर आउट हो गए थे.
भारत अपने मुख्य गेंदबाज अर्शदीप सिंह से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगा, जिन्होंने दो मैचों में 79 रन देकर एक विकेट लिया है। भारत मयंक से भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद करेगा. होप के शानदार प्रदर्शन और रदरफोर्ड के फॉर्म में वापस आने से वेस्टइंडीज की टीम खुश होगी. वेस्टइंडीज के गेंदबाजों में रोस्टन चेज़ ने अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने पिछले मैच में 24 रन देकर चार विकेट लिए. वेस्टइंडीज हालांकि शमर स्प्रिंगर को बदलने पर विचार कर सकता है, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 64 रन देकर दो विकेट लिए.
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), नमन धीर, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव.
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, आमिर जांगू (विकेटकीपर), कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज़, कीमो पॉल, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती.
