रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और दुर्ग में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होंगे। शाम को सड्डू स्थित द वाहे रिसॉर्ट में आयोजित News24 MP-CG के GenNext संवाद कार्यक्रम में पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे।
दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से दुर्ग के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर करीब 12:10 बजे रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:10 बजे से 2 बजे तक आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त भी जारी करेंगे।

67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में पहुंचेगी राशि
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगी।
32वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत अब तक किया गया कुल भुगतान 20,708 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है।
इस किस्त का लाभ उन हितग्राहियों को मिलेगा, जिन्होंने योजना के तहत आवश्यक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है।
रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले में जाएंगे CM
दुर्ग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रायपुर लौटेंगे। वे दोपहर करीब 3:15 बजे सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री करीब 4:25 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
GenNext संवाद में युवाओं से करेंगे बातचीत
शाम को मुख्यमंत्री साय का कार्यक्रम सड्डू स्थित द वाहे रिसॉर्ट में रहेगा। वे शाम 5:15 बजे News24 MP-CG के GenNext संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके साथ रोजगार, शिक्षा, विकास और भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 6:15 बजे वाहे रिसॉर्ट से रवाना होकर मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
