दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक पीजी में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
महिला मित्र के साथ पीजी पहुंचा था छात्र
मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर का है। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर चित्रेश सहारे (26) अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला मित्र के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया।
मारपीट के बाद चाकू से किया हमला
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू के वार से चित्रेश के पैर और जांघ में गंभीर चोट आई।
घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दो आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार मामले में वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और विवाद की शुरुआत से लेकर चाकू से हमला किए जाने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद के दौरान चाकू किसने चलाया और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
परिवार में मचा कोहराम
चित्रेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखवा दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी है।
