छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। यह कार्यक्रम जोरा स्थित द मॉल में रखा गया, जहां फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस मौके पर विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ फिल्म देखने पहुंचे।
फिल्म 12 जून को देशभर में रिलीज होने जा रही है। विशेष स्क्रीनिंग में फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया, कलाकारों और तकनीकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

कई जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की कहानी, उसके संदेश और निर्माण प्रक्रिया को लेकर चर्चा भी हुई।

कंगना रनौत ने साझा किया अपना अनुभव
फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के बाद कंगना रनौत ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में फिल्म दिखाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ फिल्म देखी और पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया।

कंगना ने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ से हैं, इसलिए यह स्क्रीनिंग उनके लिए और भी खास रही।
उन्होंने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि इस फिल्म में एक नर्स की भूमिका निभाने के दौरान उन्हें स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत, जिम्मेदारी और समर्पण को करीब से समझने का अवसर मिला। उनके अनुसार, फिल्म यह भी दिखाती है कि कठिन परिस्थितियों में देश के प्रति लोगों का प्रेम और कर्तव्यबोध कितना मजबूत होता है।
कंगना ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में अन्य राज्यों में भी फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया से बातचीत के दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कहावत “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के बारे में भी पता चला।
26/11 हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि कंगना रनौत ने अपनी फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के लिए छत्तीसगढ़ को चुना, इसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म में कंगना ने एक नर्स की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कहानी में 26/11 मुंबई आतंकी हमला की पृष्ठभूमि को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दिए 10 में 10 अंक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि प्रेरणा देने वाली कहानी भी है। इसमें विपरीत परिस्थितियों में साहस, मानवता, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म दर्शकों को सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी का संदेश देती है। फिल्म की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उन्हें अंक देने हों तो वे इसे “10 में से 10” अंक देना चाहेंगे।
12 जून को होगी रिलीज
फिल्म भारत भाग्य विधाता 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। विशेष स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। निर्माता और कलाकारों को उम्मीद है कि देशभक्ति, सेवा और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।
