कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी। जब शराब खत्म हो गई तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में पति ने पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शराब खत्म होने पर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। उनके पति का नाम परदेसी धनवार है। दोनों दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।

अगहन बाई मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थीं। पिछले कुछ दिनों से वह अपने पति के साथ रिश्तेदारों के गांव भैसामुड़ा में रह रही थीं। रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान शराब खत्म होने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। नशे में धुत परदेसी धनवार ने अपना आपा खो दिया और पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि अगहन बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने पहुंचे बुजुर्ग को भी नहीं छोड़ा
घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाले एक बुजुर्ग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर पटक दिया, जिसके बाद लोग भय के कारण वहां से हट गए। इसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट जारी रखी।
गांव वालों को खुद दी घटना की जानकारी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी का नशा कुछ कम हुआ तो उसे अपने किए का एहसास होने लगा। बताया जा रहा है कि उसने खुद गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। आरोपी अपनी पत्नी के शव से लिपटकर रो रहा था और बदहवास हालत में दिखाई दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को लिया हिरासत में
सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब के नशे में हत्या की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
