बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को 15 अक्टूबर के दिन मुंबई पुलिस की तरफ से भारत छोड़ो नोटिस भेजा गया. दरअसल, इमरान खान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों में शामिल हुए थे. एक्टर 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. बाद में पता चला कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि उनके पास ‘ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया’ (ओसीआई) है. अब इस मामले में आमिर खान की एक्स वाइफ किरन राव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.

किरण राव ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ स्टोरीज शेयर की हैं, जिसमें एक स्टोरी में इमरान खान की फोटो है जिसमें वो पुलिस वैन में बैठे हुए हैं. इस पर किरन राव ने लिखा, ‘वाह..अब मुंबई पुलिस’?
इमरान की पार्टनर लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजिन जैन मैरी खान भी उन 400 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों में शामिल थीं, जिन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था, बाद में उसी शाम तीनों को छोड़ दिया गया. अब इमरान खान उन्हें मिले ‘Leave India’ नोटिस के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं. उनकी लीगल टीम ने ANI को इसकी जानकारी दी है.
इमरान के वकील के मुताबिक, वो इस नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे और अगले हफ्ते अपील दायर किए जाने की उम्मीद है. हालांकि, वो किन आधारों पर इस नोटिस को चुनौती देंगे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
