कांकेर: अंतागढ़ थाना इलाके में सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी का कुहचे कैंप है. नक्सलियों के खात्मे के लिए इस कैंप की स्थापना की गई थी. नक्सलवाद की समाप्ति के बाद भी यहां पर जवानों की तैनाती है. सोमवार को कुहचे कैंप के एक जवान आनंद प्रकाश तिवारी ने कथित तौर पर जान दे दी. जानकारी के मुताबिक जवान आनंद प्रकाश तिवारी की एसएसबी की 28वीं बटालियन में तैनाती थी. मृतक जवान हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था. आनंद प्रकाश तिवारी का परिवार उत्तर प्रदेश में रहता है.

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे जवान ने कैंप परिसर में ये घातक कदम उठाया. घटना की खबर फैलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SSB के अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल ये पता नहीं चल पाया है कि जवान ने ये घातक कदम क्यों उठाया. जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही ही. मृतक जवान के फोन की भी जांच की जाएगी, ये पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि हाल फिलहाल जवान ने किससे-किससे बात की थी. इस दुखद घटना की जानकारी जवान के परिवार वालों को भी दे दी गई है. संभव है पुलिस परिवार वालों से भी बात कर ये पता लगाने की कोशिश करेगी कि जवान आनंद प्रकाश तिवारी क्यों तनाव में थे.
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने की घटना की पुष्टि
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने कहा, ”जवान के घातक कदम उठाने की सूचना हमें एसएसबी कैंप से मिली है. अंतागढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.”
साल 2025 में जवानों के द्वारा घातक कदम उठाने की घटनाएं
- 9 सितंबर 2025: सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने दी जान
- 22 अगस्त 2025: सुकमा के मिनपा कैंप में जवान ने दी जान
- 30 जुलाई 2025: बीजापुर में CRPF जवान ने दी जान
- 13 जुलाई 2025: रायपुर सीआरपीएफ बटालियन कैंप में जवान ने दी जान
साल 2024 में जवानों के द्वारा घातक कदम उठाने के मामले
- 9 नवंबर 2024: कोंडागांव में बस्तर फाइटर के जवान का शव उसके घर पर मिला
- 25 अक्टूबर 2024: भैरमगढ़ में सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल ने दी जान
- 19 अक्टूबर 2024: छत्तीसगढ़ कोल माइंस में जवान ने दी जान
- 20 सितंबर 2024: धमतरी में सीआरपीएफ जवान ने दी जान
- 3 सितंबर 204: कांकेर में एसएसबी जवान ने दी जान
- 28 अगस्त 2024: भिलाई में एसएसबी जवान ने उठाया घातक कदम
- 26 अगस्त 2024: दंतेवाड़ा के बारसूर कैंप में सीआरपीएफ जवान ने दी जान
- 8 जून 2024: कांकेर में बीएसएफ जवान ने जान दी
- 26 अप्रैल 2024: गरियाबंद में जवान ने घातक कदम उठाया
