पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के दो युवकों को विदेश में नौकरी का झांसा देकर ₹12.65 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने साइबर और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उत्तर प्रदेश के बिजनौर से मुख्य आरोपी आशु चौधरी और दिल्ली के करावल नगर से उसके साथी आदिल उर्फ अली को गिरफ्तार किया है। पीड़ितों को आरोपियों ने फर्जी वीजा लगे पासपोर्ट सौंपे थे। जब पीड़ित अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे, तो चेकिंग के दौरान वीजा फर्जी निकलने पर जालसाजी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹9.50 लाख नगद, फर्जी वीजा लगे 5 पासपोर्ट समेत कुल 14 पासपोर्ट, 4 स्मार्टफोन और एक हुंडई वेन्यू कार (कीमत ₹10 लाख) बरामद की है। यह गिरोह दिल्ली में वीजा आवेदकों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस अब इनके बैंक खातों और नेटवर्क के अन्य सफेदपोश एजेंटों की जांच कर रही है।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान खुला राज
जानकारी के मुताबिक, ठगों ने पीड़ितों को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी वीजा लगे पासपोर्ट सौंप दिए थे। पीड़ित युवक जब नौकरी के लिए रवाना होने अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां सुरक्षा चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने वीजा फर्जी होने की पुष्टि की। इसके बाद पीड़ितों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत पन्ना के बृजपुर थाने में मामला दर्ज कराया।
साइबर सेल की मदद से दिल्ली और बिजनौर से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस ने साइबर और तकनीकी सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर से मुख्य आरोपी आशु चौधरी को दबोचा, जबकि उसके साथी आदिल उर्फ अली को दिल्ली के करावल नगर से गिरफ्तार किया।
