दिल्ली सरकार राशन कार्ड योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि परिवार की वार्षिक आय सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है, जिससे अधिक जरूरतमंद परिवारों को सस्ते राशन का लाभ मिल सके।

सरकार के अनुसार, इस प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल में चर्चा हो चुकी है और जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कई वर्षों से बड़ी संख्या में पात्र लोग राशन कार्ड से वंचित रहे हैं, जिन्हें अब इस नई व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।
बड़ा ऑडिट, लाखों अपात्र हटाए गए
सरकार ने पिछले एक साल में राशन कार्ड धारकों का व्यापक ऑडिट कराया, जिसमें 7.72 लाख से अधिक अपात्र लोगों की पहचान कर उनके नाम सूची से हटा दिए गए। इनमें आय सीमा से बाहर, मृत और कभी राशन न लेने वाले लाभार्थी शामिल हैं।
15 मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू
नई डिजिटल व्यवस्था के तहत 15 मई से राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब आवेदन से लेकर वितरण तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल होगी।
सरकार का दावा है कि नई प्रणाली से सही लाभार्थियों तक राशन पहुंचेगा और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।
