एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार , 21 मई की शाम मुंबई में मंगलसूत्र और सिंदूर पहने नजर आई, जिसके बाद अफवाहें उड़ने लगी कि एक्ट्रेस ने गुपचुप शादी कर ली है. यह अटकलें लगने लगीं कि शायद एक्ट्रेस ने लाइमलाइट से दूर, गुपचुप तरीके से शादी कर ली है. लेकिन अब उन्होंने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक न्यूज का आर्टिकल शेयर करते हुए सभी इस पर सफाई दी है.

दरअसल गुरुवार को कंगना रनौत अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ बिल्डिंग से अपनी कार की ओर जा रही थीं, तभी उन्हें बिंदी, हरी चूड़ियां और सनग्सासेस पहने हुए भी देखा गया. बढ़ती अटकलों के बीच, कंगना ने आखिरकार अपनी ‘गुपचुप शादी’ की अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी और साफ किया कि उन्होंने शादी नहीं की है, बल्कि वह लुक एक शूट के लिए था.
22 मई को कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया और बताया कि जब से उनकी ‘गुपचुप शादी’ की अफवाहें सुर्खियों में आने लगी हैं, तब से उन्हें लगातार फोन कॉल्स आ रहे हैं.
उन्होंने अपने नोट में लिखा, ‘हर दिन शहर में और उसके आस-पास की जगहों पर शूटिंग कर रही हूं, किसी ने कैरेक्टर मेकअप के साथ यह रैंडम तस्वीर क्लिक कर ली और अब मुझे बहुत सारे फोन कॉल आ रहे हैं’.
इतना ही नहीं, कंगना ने शादी को लेकर फैंस से वादा भी किया है. उन्होंने अपने पोस्ट के आखिरी में लिखा है, ‘लेकिन शादीशुदा औरत के लुक में क्या बड़ी बात है? एक्टर हर तरह के रोल करते हैं, मैं चुपके से शादी नहीं करूंगी, मेरा वादा है.’
कंगना रनौत अगली बार ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आएंगी, जो 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान 400 लोगों की जान बचाने वाले अस्पताल के कर्मचारियों की कहानी को दर्शाएगी. यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ इम्तियाज अली की निर्देशित और दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शारवरी स्टारर ‘मैं वापस आऊंगा’ के साथ क्लैश करेगी. ये दोनों फिल्में 12 जून को बॉक्स ऑफिस पर एक दूसरे को टक्कर देने उतरेंगी. इसके बाद, उनकी एक थ्रिलर फिल्म आर. माधवन के साथ और ‘क्वीन 2’ आने वाली है.
