अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार सुबह अंबिकापुर शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। हेलमेट पहनकर खुद स्कूटी चलाते हुए वे शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचे। इस दौरान सत्तीपारा क्षेत्र में जगह-जगह कचरे का ढेर और तालाब में गंदगी देखकर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द सफाई कराने के निर्देश दिए।

तालाब में मूर्ति विसर्जन के अवशेष अब तक नहीं हटे
निरीक्षण के दौरान सत्तीपारा स्थित तालाब में गंदगी का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाब में लकड़ियों समेत अन्य अवशेष पड़े हुए हैं, जिन्हें अब तक साफ नहीं कराया गया है। उप मुख्यमंत्री ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को सफाई कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
नवरात्रि से पहले सफाई पूरी करने के निर्देश
नवरात्रि का पर्व नजदीक होने के कारण तालाब और आसपास के क्षेत्रों की सफाई को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। आगामी दिनों में मूर्ति विसर्जन होने पर तालाब में गंदगी और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए अरुण साव ने अधिकारियों को समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जरूरी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर भी रहीं मौजूद
शहर की सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति और निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई को लेकर अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के जरिए शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और आगामी त्योहारों से पहले सफाई कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया गया।
