रायगढ़:
जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई जूटमिल और छाल थाना पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई।

जूटमिल थाना: 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा
जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 टन कबाड़ से भरे एक ट्रक को जब्त किया। जांच के दौरान वाहन में लदे कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने माल और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
छाल थाना: 53 क्विंटल लोहे का सरिया बरामद
वहीं छाल थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई में 53 क्विंटल लोहे का सरिया बरामद किया। इस मामले में भी आरोपियों के पास सामग्री से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिससे यह माल संदिग्ध और संभावित रूप से चोरी का माना जा रहा है।
वैधानिक कार्रवाई शुरू
दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह कबाड़ और सरिया किन स्रोतों से लाया गया था।
