धमतरी (छत्तीसगढ़):
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर वन्यप्राणी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जैतपुरी क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से करीब एक लाख पेड़ों की कटाई कर 265 एकड़ वन भूमि पर कब्जा किए जाने का मामला उजागर हुआ है। इसी को लेकर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, मामले में कार्रवाई के लिए डीएफओ वरुण जैन वन अमले के साथ जैतपुरी पहुंचे थे। इस दौरान अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी की कोशिश की गई, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों के गंभीर आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि—
वन अमले ने उनके साथ मारपीट की
लोगों को कॉलर पकड़कर घसीटा गया
एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चूड़ियां तोड़ी गईं
इन आरोपों से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
