रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आज राजधानी रायपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन तथा राज्य सूचना आयुक्त उमेश कुमार अग्रवाल और शिरीष चंद्र मिश्रा को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

लोकभवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
यह शपथ ग्रहण समारोह लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शपथ की संपूर्ण प्रक्रिया मुख्य सचिव विकास शील द्वारा पूर्ण कराई गई।
राज्यपाल के सचिव भी रहे उपस्थित
समारोह के दौरान मंच पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना भी उपस्थित रहे। इसके अलावा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सूचना आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सूचना के अधिकार को मजबूत करने की दिशा में कदम
नवनियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्तों के पदभार ग्रहण करने से छत्तीसगढ़ में सूचना के अधिकार (RTI) व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आम नागरिकों को सूचना प्राप्त करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलेगी।
प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
बताया जा रहा है कि नवनियुक्त आयुक्तों का प्रशासनिक और विधिक अनुभव आयोग के कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाएगा, जिससे लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और नागरिकों को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
