छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण, शिकार और उत्खनन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर के अंतर्गत भैंसाझार परिक्षेत्र के रतनपुर स्थित जूनाशहर इलाके में वन विभाग ने जंगली सूअर के मांस की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ किया है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
वन विभाग को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर 17 मई को वार्ड क्रमांक 15, जूनाशहर निवासी सूरज मरावी के घर पर दबिश दी गई। तलाशी वारंट जारी कर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय पार्षद, पंचगण और नागरिकों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली।
14 किलो संदिग्ध मांस जब
कार्रवाई के दौरान घर से करीब 14 किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। वन विभाग ने मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
लैब जांच और मांस का नष्टिकरण
जब्त मांस के नमूनों को परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा गया है, जबकि शेष मांस को केंद्रीय रोपणी भैंसाझार में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान में वन विभाग के अधिकारियों, क्षेत्ररक्षकों और सुरक्षा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
