नववर्ष के पावन अवसर पर धमतरी शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। विशेष रूप से शहर की आराध्य देवी माँ विंध्यवासिनी (बिलाई) माता मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के सुबह से ही भक्त मंदिर परिसर में पहुंचकर माता के दर्शन में लीन नजर आए।

माँ विंध्यवासिनी मंदिर में आज विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के उपरांत माता को विधिवत भोग अर्पित किया गया। पूजा के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। जिले के साथ-साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालु माता के दरबार में नारियल, फूल और श्रृंगार सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं कर रहे हैं। भक्तों ने बताया कि नए वर्ष के उपलक्ष्य में सामान्य दिनों की तुलना में आज भीड़ कहीं अधिक है, लेकिन मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था के चलते दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और सभी को सुगमता से माता के दर्शन हो रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने माँ विंध्यवासिनी से देश, प्रदेश और धमतरी शहर सहित सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही यह भी प्रार्थना की कि किसी पर कोई संकट या दुविधा न आए।
मंदिर के पंडित विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज मंदिर में सुबह 5 बजे विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद से ही भक्तों का आना शुरू हो गया, जो लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि रात तक भक्तों की भीड़ इसी तरह बनी रहने की संभावना है। आसपास के क्षेत्रों के अलावा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
नववर्ष के मौके पर माँ विंध्यवासिनी मंदिर में उमड़ी यह भीड़, लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है, जहां श्रद्धालु नए साल की शुरुआत माता के आशीर्वाद के साथ कर रहे हैं।
